भाजपा मुख्यालय में सीएम धामी और प्रदेशाध्यक्ष ने किया दीपावली पूजन,

बोले—जीएसटी में ऐतिहासिक कमी से देश मना रहा ‘महा बचत उत्सव’

देहरादून। भाजपा मुख्यालय, बलवीर रोड में रविवार को दीपावली पूजन कार्यक्रम विधिपूर्वक संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेशाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की उपस्थिति में मां लक्ष्मी की आराधना और दीप प्रज्वलन किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों और कार्यकर्ताओं को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इस बार की दिवाली को “महा बचत उत्सव” के रूप में मना रहा है। उन्होंने कहा, “जीएसटी दरों में की गई ऐतिहासिक कमी से व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को बड़ा लाभ हुआ है। नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी लागू होने से व्यापारिक वातावरण और भी सरल हुआ है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व केवल प्रकाश का उत्सव नहीं, बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर देश आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। “भारत अब विश्व का सबसे बड़ा बाजार ही नहीं, बल्कि एक उभरती हुई आर्थिक शक्ति बन चुका है,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने भी हाल ही में कहा है कि वर्ष 2028 तक भारत विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है।

प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष की दिवाली “लोकल फॉर वोकल” भावना से मनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए हर व्यक्ति को स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। “जीएसटी में अभूतपूर्व कमी से इस बार की दिवाली खास है, ऐसे में महा बचत का लाभ स्थानीय उत्पादों को अवश्य मिलना चाहिए,” उन्होंने कहा।

भट्ट ने सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सबको मिलकर कार्य करना होगा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, विधायक खजान दास, सविता कपूर, सुरेश गढ़िया, दुर्गेश्वर लाल, देहरादून महापौर सौरभ थपलियाल, कोटद्वार महापौर शैलेंद्र रावत, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत भारद्वाज, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, ज्योति गैरोला, सुभाष बड़थ्वाल, विश्वास डाबर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments