खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क व नेतृत्व क्षमता का होता है विकास: मुख्यमंत्री
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित मंजुल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने न केवल टूर्नामेंट की शुरुआत की, बल्कि स्वयं क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया और खेल भावना को बढ़ावा दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता तथा संघर्षशीलता जैसे मूलभूत गुणों का विकास होता है। ये गुण जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनका प्रयास है कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का लोहा मनवाएं।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” जैसे कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों से देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की मजबूत नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों से युवाओं को खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा सहित क्लब के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद खिलाड़ियों और प्रशंसकों ने मुख्यमंत्री द्वारा मैदान में उतरकर खेलने के सराहनीय कदम का उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट का आयोजन स्वर्गीय मंजुल सिंह मांजिला की स्मृति में किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर से क्रिकेट टीमें भाग ले रही हैं।


Recent Comments