बिजली चोरों-अधिकारियों की मिलीभगत का पर्दाफाश होगा : नेगी
देहरादून / विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश में बिजली चोरी और बढ़ते लाइन लॉस के खिलाफ मुख्यमंत्री द्वारा सख्ती बरतने के निर्देश जारी किए जाने को विद्युत उपभोक्ताओं की बड़ी जीत करार दिया है। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि वर्षों से यह मुद्दा उठाने के बाद आखिरकार सरकार हरकत में आई है।
नेगी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि जून 2025 तक प्रदेश के 5-6 विद्युत वितरण खंडों में 30 से 40 फीसदी तथा करीब 15 खंडों में 20 से 30 फीसदी लाइन लॉस दर्ज किया गया था। एटीएंडसी लॉस 50 से 60 फीसदी तक पहुंच गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली चोरों और अधिकारियों की मिलीभगत से उपभोक्ताओं पर टैक्स और एरियर का बोझ थोपा जा रहा था।
नेगी ने कहा कि प्रमुख विपक्षी दलों समेत किसी ने इस गंभीर मामले पर आवाज नहीं उठाई, जबकि मोर्चा लगातार राजभवन और सरकार के खिलाफ मुखर रहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब बिजली चोरी में लिप्त अवैध गठजोड़ का पर्दाफाश होगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
इस मौके पर मोर्चा महासचिव आकाश पंवार व दिलबाग भी उपस्थित रहे।

Recent Comments