देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक स्मारक डाक टिकट जारी कर राज्य की गौरवशाली 25 वर्षीय यात्रा को पुनः स्मरण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने 8140 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 930 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 7210 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये सभी परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे बहुआयामी क्षेत्रों से जुड़ी हैं, जो राज्य की दीर्घकालिक विकास क्षमता को मजबूत करेंगी।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 28,000 से अधिक किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में 62 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के छोटे व सीमांत किसानों के लिए केंद्र सरकार की ये योजनाएं आर्थिक सुरक्षा कवच साबित होंगी। जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें अमृत योजना के अंतर्गत देहरादून के 23 क्षेत्रों में जलापूर्ति कवरेज, पिथौरागढ़ में विद्युत सबस्टेशन, शासकीय भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र, और हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान का निर्माण शामिल है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से विकास, खेल, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण को व्यापक दिशा मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने जल-सुरक्षा से जुड़ी दो अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजनाओं — सोंग बांध पेयजल परियोजना एवं नैनीताल की जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का भी शिलान्यास किया। सोंग बांध परियोजना देहरादून शहर को 150 एमएलडी पेयजल उपलब्ध कराएगी। वहीं जमरानी परियोजना पेयजल के साथ-साथ सिंचाई और बिजली उत्पादन में बड़ी भूमिका निभाएगी। इसके अतिरिक्त विद्युत सबस्टेशन, चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना तथा नैनीताल में आधुनिक डेयरी संयंत्र जैसी परियोजनाओं के शिलान्यास से राज्य के सामाजिक, खेल एवं औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

Recent Comments