देहरादून। कर्नाटका की बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट में कथित “वोट चोरी” के राहुल गांधी के सनसनीखेज खुलासे के बाद कांग्रेस ने पूरे देश में और खासतौर पर उत्तराखंड में व्यापक जन जागरण अभियान चलाने की घोषणा की है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से चुनावी प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां कर असली जनादेश को पलटा जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी की लाइव प्रेस वार्ता को बड़े स्क्रीन पर दिखाया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, पूर्व अध्यक्ष और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, एआईसीसी सचिव एवं मंगलौर विधायक काज़ी निजामुद्दीन, विधायक ममता राकेश, विधायक फुरकान अहमद, विधायक रवि बहादुर, पूर्व विधायक जोत सिंह गुंसोला, प्रदेश कोषाध्यक्ष आयरेंद्र शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने अपनी प्रेस वार्ता में बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बेंगलुरु सेंट्रल सीट पर मात्र 32,000 वोटों से हारी, जबकि उसकी एक विधानसभा—महादेवपुरा—में भाजपा को 1.14 लाख की बढ़त मिली। कांग्रेस की जांच में सामने आया कि यहां से 1 लाख से अधिक वोट चोरी किए गए। उन्होंने वोट चोरी के पाँच तरीकों का खुलासा करते हुए चुनाव आयोग से पाँच सीधे सवाल पूछे:
- विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट क्यों नहीं दी जा रही?
- CCTV और वीडियो सबूत क्यों मिटाए जा रहे हैं?
- वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और फर्जी वोटिंग क्यों की गई?
- विपक्षी नेताओं को धमकाना और डराना क्यों?
- क्या चुनाव आयोग अब भाजपा का एजेंट बन चुका है?
राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि भारत का लोकतंत्र अमूल्य है और इसकी चोरी का अंजाम बेहद खतरनाक होगा। उन्होंने कहा, “अब देश बिना जवाब लिए चुप नहीं बैठेगा।”

कार्यक्रम के कॉर्डिनेटर और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद उत्तराखंड के हर जिले और सभी विकास खंड स्तर पर यह अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य जनता का भरोसा लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया में अडिग बनाए रखना है।
इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नवीन जोशी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश प्रवक्ता सुजाता पॉल, प्रदेश प्रवक्ता गिरिराज किशोर हिंदवाण, शीशपाल सिंह बिष्ट, प्रदेश बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जोशी, प्रदेश श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल और पार्षद मुकीम अहमद सहित अनेक नेता उपस्थित रहे।

Recent Comments