

देहरादून। सुभाष रोड स्थित लॉर्ड वेंकटेश्वर बैंक्वेट हॉल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव संजय कन्नौजिया एवं सीमा कन्नौजिया के संयोजन में हरियाली तीज एवं रक्षाबंधन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी आयोजकों की अपेक्षाओं से भी कहीं अधिक रही। बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने से समारोह का माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। महिलाओं ने हरियाली तीज के पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
महिलाओं की भारी उपस्थिति को देखकर कार्यक्रम के संयोजक संजय कन्नौजिया ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं का कार्यक्रम में शामिल होना आयोजन की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके उत्साह और सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर संजय कन्नौजिया की ओर से समारोह में शामिल सभी महिलाओं को हरियाली तीज के उपहार भी भेंट किए गए। उपहार पाकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि हरियाली तीज और रक्षाबंधन जैसे पर्व भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक एकजुटता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का काम करते हैं।
संजय कन्नौजिया ने कहा कि महिलाओं की सामाजिक और सांस्कृतिक भागीदारी समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ जोड़ने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।


समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिलाएं और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। पारंपरिक रंगों, गीत-संगीत और उत्साह से सजे इस आयोजन ने हरियाली तीज और रक्षाबंधन की खुशियों को और भी खास बना दिया।

Recent Comments