

देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस पर प्रदेश का विकास रोकने की साजिश का आरोप लगाया है। कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता खजान दास ने कहा कि लगता है प्रदेश कांग्रेस ने राज्य का विकास रोकने की सुपारी अपने आलाकमान से ली है।
खजान दास ने कहा कि कांग्रेस सफेद झूठ बेशर्मी से बोल रही है। UIIDB को सरकारी आंकड़ों के अनुसार केवल 45 एकड़ यानी लगभग 288 बीघा भूमि दी गई है, लेकिन कांग्रेस नेता इसे 7000 बीघा बताकर सरकार को बदनाम कर रहे हैं ताकि निवेश बाधित हो और युवाओं के रोजगार की संभावनाएं खत्म हों।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस 288 बीघे को 7000 बीघा बताती है, लेकिन धार्मिक अतिक्रमण से मुक्त कराई गई 13 हजार एकड़ भूमि का विरोध करती है। कांग्रेस मुद्दों को लेकर दिवालिया हो चुकी है और पिछले 5 वर्षों से पवित्र धामों, अंकिता भांडारी मामले, पारदर्शी नियुक्तियों और डेमोग्राफी परिवर्तन पर अफवाह फैलाकर प्रदेश की छवि खराब कर रही है।
खजान दास ने सवाल उठाया कि बनभूलपुरा में अतिक्रमण हटाने पर कांग्रेस विधायकों को पेट में दर्द क्यों होता है और मामला सुप्रीम कोर्ट तक क्यों ले जाया गया। कांग्रेस शासन में लैंड जिहाद के नाम पर अवैध मजारें और मस्जिदें बनीं, लेकिन सरकार चुप रही। धामी सरकार ने 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है, जबकि कांग्रेस का रुख उन्हें बचाने का रहा है।

Recent Comments