देहरादून: देशभर में वोट चोरी के मुद्दे पर चल रहे अपने अभियान के तहत कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र में एक जनसम्पर्क कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पार्टी ने एक हस्ताक्षर अभियान चलाया, जनता से सुझाव लिए और उनका फीडबैक भी एकत्रित किया।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव वीरेंद्र पोखरियाल के नेतृत्व में जीएमएस रोड स्थित एक वेंडिंग प्वाइंट पर आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी नेता मौजूद रहे। इस मौके पर पोखरियाल ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में कांग्रेस वोट चोरी के खिलाफ मुहिम चला रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस हमेशा से निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की मांग करती रही है। मतदाता सूची पारदर्शी हो और हर मतदाता को अपना वोट डालने का पूरा अधिकार मिले। सिस्टम ऐसा हो कि सरकारी मशीनरी निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कर सके।”
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वोटर सूची में किसी तरह की खामी नहीं रहनी चाहिए।

पूर्व विधायक जोत सिंह गुंसोला ने मतदाता सूची पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, “अक्सर देखा गया है कि चुनाव के दिन कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं पाए जाते, जिसके कारण मतदाताओं को निराश लौटना पड़ता है।” इसी तरह, पूर्व विधायक राजकुमार और कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा ने भी चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से उनके सुझाव लेकर एक हस्ताक्षर अभियान चलाया, जिसमें लगभग 250 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया।
कार्यक्रम में पार्षद मोनिका चौधरी, वीरेंद्र बिष्ट, अमित भंडारी, आशीष कुमार सहित कई पूर्व पार्षदगण एवं शहर के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

Recent Comments