देहरादून: उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और देश के पूर्व गृहमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती के अवसर पर, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन, सूर्यकांत धस्माना ने पंडित पंत को ‘हिमालय का गौरव’ बताते हुए कहा कि अल्मोड़ा के एक साधारण परिवार में जन्मे पंत जी उत्तराखंड के पहले और एकमात्र ऐसे राजनेता हैं, जिन्हें भारत सरकार द्वारा भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि पंत जी स्वतंत्रता आंदोलन में महात्मा गांधी, पंडित नेहरू और सरदार पटेल के समकक्ष नेता थे, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से देश की सेवा की। वह उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने और बाद में देश के गृहमंत्री का पद भी संभाला।
धस्माना ने कहा कि आज उनकी जयंती पर हमें देश सेवा, त्याग और राष्ट्र निर्माण के उनके मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जगदीश धीमान, ललित भद्री, आनंद सिंह पुंडीर, आदर्श सूद, वीरेंद्र पंवार, कर्नल राम रतन सिंह नेगी, श्री राम गोपाल वर्मा, गोपाल गड़िया, अमीचंद सोनकर, सुभान अली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Recent Comments