देहरादून में कांग्रेस का प्रदर्शन – कंगना रनौत के राहुल गांधी पर ‘टपोरी’ बयान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

देहरादून। केंद्रीय सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हाल ही में की गई विवादास्पद टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एसपी सिटी को एक ज्ञापन सौंपते हुए कंगना के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कंगना रनौत ने राहुल गांधी को “टपोरी” जैसे अपमानजनक शब्द से संबोधित किया, जो न केवल लोकसभा में विपक्ष के नेता के संवैधानिक पद की गरिमा का अपमान है, बल्कि पूरे लोकतंत्र और राजनीतिक शिष्टाचार की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।

ज्ञापन में आगे कहा गया कि ऐसी असंसदीय और असभ्य भाषा का प्रयोग समाज में नफरत और विभाजन फैलाता है तथा राजनीतिक बहस के स्तर को लगातार गिराता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से अपील की कि वे इस मामले को गंभीरता से लें, आईपीसी की उचित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करें और दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। इससे भविष्य में ऐसी गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक टिप्पणियों पर अंकुश लग सकेगा।

इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुमार,प्रदेश प्रवक्ता दीप वोहरा, पार्षद अर्जुन सोनकर, पार्षद वीरेंद्र कुमार बिष्ट, पार्षद निखिल कुमार पूर्व पार्षद सुंदर सिंह पुंडीर और बिट्टू गुसाईं सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की और कहा कि वे राहुल गांधी के सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments