
राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन – बोले गोगी ‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
देहरादून: महानगर कांग्रेस कमेटी ने शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और भर्ती में देरी के विरोध में मोर्चा खोल दिया। बुधवार को कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देश-प्रदेश का युवा गहरे संकट में है। वर्षों की मेहनत के बाद भी बार-बार प्रश्नपत्र लीक, परीक्षा रद्द होने और भर्ती में देरी से छात्र मानसिक तनाव और निराशा झेल रहे हैं। नकल माफिया और भ्रष्टाचार ने युवाओं का परीक्षा प्रणाली से भरोसा तोड़ दिया है।
उन्होंने उत्तराखंड में हुए भर्ती घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है। देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का उल्लेख करते हुए डॉ. गोगी ने कहा कि पेपर लीक और अनिश्चितता ने युवाओं को अवसाद में धकेल दिया है। यह सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि असंवेदनशील व्यवस्था का आईना है।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून के दावों के बावजूद पटवारी परीक्षा का पेपर लीक हो गया। 2017 से अब तक सरकार कोई भी बड़ी भर्ती निष्पक्ष नहीं करा पाई। पेपर लीक का मास्टरमाइंड हाकम सिंह कमजोर पैरवी से रिहा हुआ और उसके बाद फिर लीक सामने आया। इससे साफ है कि सरकार असली दोषियों को बचा रही है।
डॉ. गोगी ने राहुल गांधी के कोटा दौरे का हवाला देते हुए कहा कि शिक्षा बजट से तीन गुना ज्यादा पैसा सिर्फ कोटा में छात्र पांच प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर खर्च कर रहे हैं। NTA गठन के बाद से 89 पेपर लीक हो चुके हैं और 49 परीक्षाएं दोबारा करानी पड़ीं।
कांग्रेस ने राष्ट्रपति से 5 मांगें रखीं- पेपर लीक की निष्पक्ष जांच व कठोर कार्रवाई, नकल माफिया पर विशेष अभियान, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, लंबित भर्तियां समयबद्ध पूरी करना और परीक्षार्थियों के लिए मानसिक परामर्श की व्यवस्था।
डॉ. गोगी ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के साथ खड़ी है और उनके भविष्य से खिलवाड़ करने वाली व्यवस्था के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुन पासी, जितेंद्र तनेजा, राजेश पुंढिर, राजीव प्रजापति, सुनील थपलियाल, संजय उनियाल, वीरेंद्र पंवार, ललित बद्री, अनूप सक्सेना समेत कई नेता मौजूद रहे।

Recent Comments