‘संविधान बचाओ’ सम्मेलन में कांग्रेस की हुंकार: ‘400 पार’ का नारा संवैधानिक संस्थाओं को कमज़ोर करने की साज़िश – गोदियाल

देहरादून। आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अनुसूचित विभाग द्वारा आयोजित ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ सम्मेलन में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने सत्ता में बैठे लोगों पर संविधान को कमज़ोर करने की साज़िश रचने का सीधा आरोप लगाया। सम्मेलन में अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम और सीडब्ल्यूसी सदस्य तथा अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रभारी प्रशासन गुरदीप सप्पल मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। अनुसूचित विभाग प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने वरिष्ठ नेताओं का सम्मान संविधान की पुस्तक भेंट कर किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सवाल उठाया कि आज़ादी के समय विदेशी लोग भारत के सौहार्द पर सवाल उठाते थे, लेकिन यह संविधान की ही ताक़त है जिसकी वजह से हमारा देश एकता और अखंडता के रूप में मजबूत हुआ। उन्होंने कहा कि आज जब संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष होना अति आवश्यक है, तब सत्ता में बैठे लोग संविधान को कमजोर करने में लगे हैं। गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी ने “400 पार” के नारे के पीछे की मंशा को पहले ही भाँप लिया था, इसीलिए आज जब वह नारा पूरा नहीं हो पाया है, तो अब संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर अपने एजेंडे को पूरा करने की साज़िश रची जा रही है। उन्होंने दलित समाज को धन्यवाद दिया जिसने सदैव कांग्रेस का साथ दिया और वादा किया कि उनके हितों की रक्षा करना कांग्रेस की ज़िम्मेदारी है। उन्होंने ज़ोर दिया कि देश में समानता लाने और मानवता को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस को मज़बूत करना अनिवार्य है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग राजेंद्र पाल गौतम ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष को याद करते हुए भावुक संबोधन दिया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार बचपन में भेदभाव झेलने के बाद, अंबेडकर ने संकल्प लिया कि वह एक ऐसी किताब लिखेंगे जिसमें सबको समान अधिकार मिलेगा और असमानता नहीं होगी—और वह किताब भारत का संविधान बनी। गौतम ने कहा कि अंबेडकर ने 32 डिग्रियाँ हासिल कीं, यह सिद्ध करता है कि “शिक्षा शेरनी का दूध होता है, जो इसे जितना पीता है, उतना दहाड़ता है।” उन्होंने युवाओं से हाथों में किताबें लेने और समाज को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रभारी प्रशासन गुरदीप सप्पल ने समानता की अवधारणा को गौतम बुद्ध कबीर और गुरुनानक देवजी से जोड़ते हुए कहा कि इसे ज़मीनी हक़ीकत पर उतारने का कार्य बाबासाहेब अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से किया। उन्होंने याद दिलाया कि सर्वप्रथम जवाहरलाल नेहरू ने कराची सम्मेलन में हर व्यक्ति को समान अधिकार देने की बात रखी थी। सप्पल ने कहा कि आज जो वर्ग शोषित था, अगर उसे उचित सम्मान और स्थान मिल पाया है, तो वह कांग्रेस पार्टी की देन है, जिसने सस्ती शिक्षा के साथ-साथ आरक्षण तक देने का कार्य किया। उन्होंने चेतावनी दी कि सत्ता में बैठे लोगों ने आज शिक्षा को व्यवसाय बना दिया है, इसीलिए मुख्यमंत्री या मंत्री बनने के लिए नहीं, बल्कि देश और लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस को सत्ता में लाना आवश्यक है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वर्तमान सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मलिन बस्तियों के लोगों के साथ छलावा कर रही है और उनकी सरकार द्वारा शुरू किए गए मालिकाना हक और पर्यावरण मित्रों के मानदेय बढ़ाने के जैसे आदेशों को रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमें लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ आवाज़ उठानी है और यह सुनिश्चित करना है कि किसी का भी वोट न कटे और फर्जी वोट न बने। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने भी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि हर वर्ग को ऐसी तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए अपनी सहभागिता देनी होगी। उन्होंने बूथ पर सक्रियता का मंत्र देते हुए आगाह किया कि भाजपा वोट चोरी के साथ-साथ सरकार भी चुराती है।

कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग मदन लाल ने सभी का धन्यवाद प्रेषित किया और समाज के हर व्यक्ति से कांग्रेस को मज़बूती प्रदान करने का आह्वाहन किया। सम्मेलन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, विधायक विक्रम नेगी, रवि बहादुर, संसद प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, राजेंद्र शाह, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, प्रवक्ता प्रतिमा सिंह सहित अनुसूचित विभाग के जिला अध्यक्ष करण घाघट, बागेश्वर सिंह, मीना, सुनील आर्य, मुकेश नेगी, उमेश टम्टा और एनएसयूआई से हिमांशु रावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने किया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments