प्रदेश के असंगठित मजदूरों को कानूनी संरक्षण देगी कांग्रेस: माहरा

देहरादून(आरएनएस)।  प्रदेश में अब असंगठित मजदूरों को कांग्रेस अपने श्रम प्रकोष्ठ के बैनर तले संगठित कर कानूनी संरक्षण देगी। यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पार्टी के श्रम प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही। कांग्रेस मुख्यालय भवन में मंगलवार को आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बड़ी संख्या में गरीब श्रमिक जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों की लड़ाई नहीं लड़ पाते हैं। इसलिए यह जरूरी है कि ऐसे असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कांग्रेस एक झंडे के नीचे लाकर उनको उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करे और फिर उनकी लड़ाई लड़ी जाए। उन्होंने प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दिनेश कौशल को इस काम की जिम्मेदारी सौंपते हुए उनको निर्देश दिया कि वे पूरे प्रदेश में जिला व ब्लॉक स्तर पर श्रमिक प्रकोष्ठ का गठन कर इस कार्य को गति दें।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राज्य में काम करने वाले 80 प्रतिशत मजदूर असंगठित हैं और उनको संगठित करने का कोई प्रयास आज तक नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि ध्याड़ी मजदूरी करने वाले मजदूर, राज मिस्त्री, प्लंबर, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, ठेली-फड़ लगाने वाले, ई-रिक्शा चलाने वाले , कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों समेत बड़ी तादाद में श्रमिक हैं, जिनको संगठित कर पार्टी के साथ जोड़कर उनके अधिकारों व उनकी समस्याओं के लिए संघर्ष करने की आवश्यकता है।
श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कौशल ने कहा कि वे अप्रैल माह से पूरे प्रदेश में असंगठित मजदूरों को पार्टी से जोड़ने का अभियान शुरू करेंगे। एक मई को मजदूर दिवस पर राज्यव्यापी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम को महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, विशाल डोभाल, किशोर उनियाल पूनम कंडारी, आनंद जगूड़ी हरिंदर बेदी, मनीष गर्ग, गोपाल गढ़िया, धर्मपाल घाघट, चंद्रपाल, अरुण वाल्मीकि, अर्जुन शर्मा, अनीता शर्मा आदि ने भी संबोधित किया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments