विकासनगर(आरएनएस)। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई पर वकील के जूता फेंकने के प्रयास की घटना से कांग्रेसियों में उबाल है। विरोध में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग और कांग्रेस सर्वसमाज के कार्यकर्ताओं ने पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात के नेतृत्व में ब्लॉक सभागार में बाबा साहब की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने दलित जज के साथ इस प्रकार की घटना का कड़ा विरोध जाताया और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि यह अत्यंत निंदनीय घटना है। इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तक सुरक्षित नहीं हैं, यह चिंताजनक है।दलित समाज के सम्मान और संविधान की रक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस न्यायपालिका की गरिमा बनाए रखने के लिए हर कदम उठाएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि समाज के किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव या अपमान नहीं हो।
लोकतंत्र में किसी भी नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य की जिम्मेदारी है और हम इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित विभाग डिम्पल सिंह ने कहा कि यह घटना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि पूरे दलित समाज के आत्मसम्मान और न्याय के अधिकार पर हमला है। जब सर्वोच्च न्यायालय में बैठे दलित जज तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक की सुरक्षा और सम्मान पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष सोशल मीडिया बलजीत सिंह और प्रदेश प्रवक्ता श्रवण ओझा ने कहा कि सीजेआई पर जूता फेंकने का प्रयास विचारधारा विशेष की न्यायपालिका को स्पष्ट चेतावनी है कि या तो उनकी हर बात को मानो अन्यथा परिणाम भुगतने को तैयार रहो। यह सीधे तौर पर आम आदमी को मिलने वाले न्याय की प्रक्रिया पर बड़ा हमला है।
कार्यक्रम में विकास नगर नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल, जिला अध्यक्ष अनुसूचित विभाग राजेश पासी, जिला उपाध्यक्ष इसम सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष बंसी लाल, शहर अध्यक्ष रोहित कुमार, किशन सिंह,अंकित सोनकर, ईरान सिंह, आशु, जगदीश, रामस्वरूप, राजेश कुमार, अंकित कुमार, संयम कुमार, हरबर्टपुर शहर अध्यक्ष रोहित, विकासनगर शहर अध्यक्ष अंकित सोनक शामिल रहे।

Recent Comments