भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाएं कांग्रेस कार्यकर्ता : कुमारी शैलजा

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, सांसद एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा एवं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदयाल ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विभिन्न फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन, विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक कर उनके द्वारा किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली।

बैठक में कुमारी शैलजा ने सभी संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने संगठनों की शीघ्र कार्यकारिणी का गठन करें तथा प्रदेशभर में व्यापक दौरा कर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनता के बीच सक्रिय रूप से जाएं। उन्होंने कहा कि आज जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। दलितों के साथ हो रहे कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी तथा युवाओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर मजबूती से आवाज उठानी होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करे। संगठन के सभी विभाग एवं प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि मैदान में सक्रिय दिखाई दें और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करें।

फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन, विभाग एवं प्रकोष्ठों की बैठक के पश्चात कुमारी शैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों एवं सचिवों की बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाने की आवश्यकता है। भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग परेशान हैं। ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।

कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शीघ्र ही जिलों, महानगरों एवं विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त कर भेजे जा रहे हैं। सभी प्रभारी अपने-अपने निर्धारित जनपद, महानगर एवं विधानसभा क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करें तथा संगठन को एकजुट करते हुए आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट जाएं।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी को पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पित भाव से संगठन के लिए कार्य करना होगा।उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और गलत फैसलों का तथ्यात्मक ढंग से विरोध करते हुए जनता की आवाज बनें। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव, बूथ-बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करें तथा कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।

बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments