उपभोक्ता सुविधाओं से लेकर कर्मचारी कल्याण तक निगम की प्राथमिकताएं तय:  एमडी पीसी ध्यानी ने बताया यूपीसीएल का बड़ा प्लान

देहरादून की बिजली व्यवस्था में बड़ा बदलाव, मार्च 2027 तक अंडरग्राउंड होंगी सभी विद्युत लाइनें

देहरादून । उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने देहरादून शहर की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा लक्ष्य तय किया है। निगम के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने शनिवार को ऊर्जा भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि शहर की बिजली लाइनों को चरणबद्ध तरीके से अंडरग्राउंड किया जा रहा है और कोशिश है कि यह काम मार्च 2027 से पहले पूरा कर लिया जाए। जिन स्थानों पर भूमिगत विद्युत लाइन डालने के लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां काम शीघ्र पूरा कर सड़कों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।

प्रेस वार्ता में पीसी ध्यानी ने यूपीसीएल की मौजूदा योजनाओं, उपभोक्ता सुविधाओं, स्मार्ट मीटर, रूफटॉप सोलर, विद्युत वितरण व्यवस्था और कर्मचारियों से जुड़े मामलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निगम की प्राथमिकता केवल बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाना ही नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना भी है।

उन्होंने बताया कि आरडीएसएस के तहत प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को बिजली की खपत और भुगतान से जुड़ी जानकारी अधिक आसानी से मिल सकेगी। पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलने के लिए उपभोक्ताओं से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। स्मार्ट और प्रीपेड मीटर का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को नियमानुसार उपलब्ध छूट का लाभ भी मिलेगा।

सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी यूपीसीएल की योजनाओं को गति दी जा रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में एक लाख से अधिक घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इससे बड़ी संख्या में परिवारों को बिजली के खर्च में राहत मिल रही है और कई उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य तक पहुंचा है। निगम का जोर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ घरेलू बिजली खर्च कम करने पर भी है।

पीसी ध्यानी ने कहा कि आरडीएसएस के माध्यम से विद्युत वितरण प्रणाली को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है। बिजली की हानि कम करने, राजस्व संग्रह बढ़ाने और पावर परचेज मैनेजमेंट को बेहतर करने की दिशा में भी निगम लगातार काम कर रहा है। उनका कहना था कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने का प्रयास जारी है।

प्रेस वार्ता में यूपीसीएल के कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठे। पत्रकारों के सवालों के जवाब में प्रबंध निदेशक ने बताया कि एसीपी, पदोन्नति, पेंशन, नियमितीकरण और चिकित्सा प्रतिपूर्ति जैसे मामलों के निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है। विशेष रूप से चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े प्रकरणों को जल्द निपटाने तथा अन्य कर्मचारी हित के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है।

एमडी ध्यानी ने कहा कि यूपीसीएल को तकनीकी रूप से आधुनिक, आर्थिक रूप से मजबूत और उपभोक्ता हितैषी बनाने के साथ कर्मचारियों के कल्याण पर भी समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम आने वाले समय में बेहतर उपभोक्ता सेवाओं, विद्युत व्यवस्था के आधुनिकीकरण और कार्मिक हितों के समाधान के लिए लगातार काम करेगा।

प्रेस वार्ता में प्रिंट, डिजिटल और सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ वरिष्ठ पत्रकारों ने यूपीसीएल की कार्यप्रणाली और विभिन्न योजनाओं को लेकर सवाल किए। पीसी ध्यानी ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए निगम की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments