गोपाष्टमी पर गौ-पूजन का आयोजन, पूर्व मंत्री पुरोहित सहित अनेक गणमान्य लोग हुए शामिल

रायपुर / देहरादून।  अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (पंजीकृत) द्वारा गोपाष्टमी के पावन पर्व पर गौ-पूजन एवं अर्चन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गुरुवार की सुबह रायपुर के शिव मंदिर चौक स्थित गौशाला में आयोजित किया गया, जिसमें पूर्व राज्य मंत्री राजकुमार पुरोहित सहित महासभा के शीर्ष पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष अरुणबाला शर्मा, प्रदेश महासचिव उमाशंकर तीर्थ पुरोहित और प्रदेश महिला महासचिव प्रतिमा शर्मा ने संयुक्त रूप से गायों का पूजन-अर्चन किया।

महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने पूर्व मंत्री राजकुमार पुरोहित, श्री राम सेना के पदाधिकारियों, बीडीसी सदस्य  कविता सकलानी तथा उपस्थित क्षेत्रवासियों का स्वागत करते हुए कहा कि गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है और प्रत्येक व्यक्ति को नित्य गौ वंदना करनी चाहिए।

पूर्व राज्य मंत्री राजकुमार पुरोहित ने अपने संबोधन में गोपाष्टमी की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सनातन धर्म के अनुसार गायों के पालन-पोषण में सहयोग करना चाहिए, ताकि दूध न देने वाली, निर्बल एवं विकलांग गायों और बछड़ों का उचित लालन-पालन सुनिश्चित हो सके।

प्रदेश महासचिव उमाशंकर तीर्थ पुरोहित ने इस अवसर पर सभी से एक संकल्प लेने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रत्येक हिंदू परिवार को अपनी रसोई में बनने वाली पहली रोटी गौ माता के लिए अवश्य निकालनी चाहिए।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री मनोज शर्मा, महिला कोषाध्यक्ष नीलम शर्मा, कार्यालय मंत्री उमेश जिंदल, अनिता शर्मा, विभा गौड, शिवानी शर्मा, अर्चना शर्मा, धीरेंद्र शर्मा, विपिन शर्मा, ज्वाला शर्मा तथा विजय ममगाई सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments