गैस कालाबाजारी पर शिकंजा: DM बंसल के निर्देश पर बनी QRT टीम, विकासनगर में 5 सिलिंडर जब्त

देहरादून। जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर पूर्णतः रोक लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित कराने के लिए जिलाधिकारी सविन बसंल के कड़े निर्देशों के बाद प्रशासन ने एक्शन मोड ले लिया है। डीएम के निर्देश पर जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है, जिन्होंने आज विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर गैस की मांग और आपूर्ति की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।

जिलाधिकारी स्वयं जिले में गैस आपूर्ति और बैकलॉग की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सक्रिय हैं।

प्रशासन की इस सख्ती का नतीजा रहा कि आज विकासनगर क्षेत्र में QRT टीम ने 5 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए। ये सिलिंडर अवैध रूप से रखे जाने की सूचना पर बरामद किए गए। अब तक जिला प्रशासन की QRT टीमों द्वारा जनपद की 69 गैस एजेंसियों और 25 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है।

गैस वितरण व्यवस्था को और अधिक चुस्त बनाने के लिए उप जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में गठित QRT टीमों और एजेंसीवार नामित नोडल अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने हेतु एसपी सिटी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, आज जिले में लगभग 14,899 घरेलू उपभोक्ताओं और 63 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की आपूर्ति की गई। हालांकि, घरेलू गैस सिलिंडर में लगभग 80 हजार का बैकलॉग बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और मांग के अनुरूप लोड बढ़ाने के निर्देश संबंधित कंपनियों को दे दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम पर दें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए गए हैं। आज शाम 5 बजे तक इन नंबरों पर एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 64 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनका कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग की टीम द्वारा त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments