एलपीजी गैस कालाबाजारी पर सख्ती, देहरादून में क्यूआरटी टीमों ने शुरू किया क्षेत्रवार निरीक्षण 

27 शिकायतें दर्ज, घरेलू के 16,786 और व्यवसायिक के 1,193 सिलेंडरों की हुई आपूर्ति

देहरादून । एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) गठित की गई है। इन टीमों ने सोमवार को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और संबंधित गतिविधियों का जायजा लिया।

जिला प्रशासन की ओर से जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित अब तक 27 शिकायतें दर्ज की गई हैं। प्रशासन ने बताया कि कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग की टीम गैस आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता और अन्य समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।

प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में सोमवार को करीब 16,786 उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर तथा 1,193 उपभोक्ताओं को व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वहीं जिले में वर्तमान में घरेलू एलपीजी के 27,235 सिलेंडर तथा व्यवसायिक एलपीजी के 2,532 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू के साथ-साथ व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की लोडिंग भी लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments