कोटद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपराधियों में दहशत
पौड़ी। पौड़ी पुलिस ने अपराधियों पर नकेल कसते हुए कोटद्वार क्षेत्र के दो सक्रिय अपराधियों, प्रदीप और बल्लू सिंह, को गुंडा अधिनियम के तहत जिला बदर कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पौड़ी, सर्वेश पंवार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करने और उन्हें जिला बदर करने के निर्देश दिए थे, ताकि अपराधियों पर सख्त नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
कोटद्वार पुलिस ने प्रदीप और बल्लू सिंह के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एसएसपी के माध्यम से जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल को रिपोर्ट भेजी थी। रिपोर्ट की समीक्षा के बाद जिलाधिकारी ने दोनों अभियुक्तों को 6 महीने की अवधि के लिए पौड़ी गढ़वाल जिले से जिला बदर करने का आदेश दिया।
आज, 8 जनवरी, 2026 को कोटद्वार पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी करते हुए पौड़ी गढ़वाल जिले की सीमा से बाहर कर दिया। पुलिस ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी कि यदि 6 महीने की अवधि के भीतर उन्होंने जिले की सीमा में प्रवेश किया तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला बदर किए गए अभियुक्तों का विवरण:
- प्रदीप, पुत्र स्व. शंकर सिंह, निवासी लोकमणिपुर, कोतवाली कोटद्वार, जनपद पौड़ी गढ़वाल।
- बल्लू सिंह, पुत्र मुखराम, निवासी शिवराजपुर, कोतवाली कोटद्वार, जनपद पौड़ी गढ़वाल।इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में दहशत का माहौल है और आम जनता ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है।

Recent Comments