ऋषिकेश(आरएनएस)। चैत्र नवरात्र को लेकर तीर्थनगरी ऋषिकेश के बाजार सज गए हैं। दुकानें मां की चुनरी, नारियल, पूजा सामग्री से गुलजार हो गईं हैं। रविवार से शुरू होने वाले नवरात्र को लेकर खरीदारी शुरू हो गई है। इससे बाजारों में चहल-पहल भी बढ़ गई है। पूजन सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं देवी मंदिरों पर नवरात्र को लेकर तैयारियां हो चुकी हैं और मंदिर भी सज चुके हैं। तीर्थनगरी में नवरात्र की रौनक घरों में ही नहीं, बल्कि मंदिरों और बाजार में भी देखी जा सकती है। नवरात्र 30 मार्च रविवार से शुरू हो रहे हैं। कलश स्थापना रविवार सुबह की जाएगी। मान्यता है कि अगर भक्त संकल्प लेकर नवरात्र में अखंड ज्योति प्रज्जवलित करें और उसे पूरी भावना और मन से जलाएं रखें तो देवी प्रसन्न होती हैं और उसकी सभी मनोकामना पूर्ण करती हैं। ऋषिकेश के सुभाष चौक, घाट रोड़, मुखर्जी मार्ग, झंडा चौक, क्षेत्र रोड़ समेत अन्य बाजारों में पूजा सामग्री की दुकानें सजी हुई हैं। पूजा के लिए कलश, नारियल, चुनरी, रोली, पान, घी, धूप बत्ती, अगरबत्ती, लोंग, सुपारी, कपूर सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री खरीद रहे हैं। नौ दिन के व्रत में अन्न से परहेज किया जाता है, इसलिए बाजार में कुट्टू, फल, व्रत के अन्य सामानों की भी दुकानें सज गई है। दुकानदार त्रिवेणी घाट के दुकानदार रूपेश अग्रवाल, अमरेश, सुभाष चौक के दुकानदार गुलशन लाला ने बताया कि दुकानों पर नवरात्र को लेकर ग्राहकों की भीड़ बढ़ी है। नवरात्र को लेकर बाजार में रौनक है, रात में भी पूजा सामग्री के स्टॉक बनाए जा रहे हैं, जिसे दिन में सीधे ग्राहकों को दिया जाता है।
देवी मंदिरों में तैयारियां हुईं पूरी : नवरात्र को लेकर मां कात्यायनी मंदिर शीशमझाड़ी, दुर्गा मंदिर त्रिवेणी घाट, मां तारा माता मंदिर मायाकुंड, दुर्गा मंदिर दून रोड़, दुर्गा मंदिर जीवनी माई मार्ग, दुर्गा मंदिर चंद्रेश्वर नगर सहित अन्य देवी मंदिरों पर तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। यहां तमाम मंदिरों में साफ सफाई और रंग रोगन सहित अन्य सजावट के कार्य पूर्ण किए हैं।
फलों के दाम भी बढ़े : नवरात्र में फलों का विशेष महत्व है। ऐसे में ऋषिकेश बाजार में केला 70 रुपये दर्जन, अनार 200 रुपये किलो, अंगूर 100 रुपये, संतरा 100 रुपये, सेब 200 किलो, मौसमी 100, अमरूद 100 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहे हैं। नवरात्र के चलते फलों के दामों में इजाफा हुआ है। अभी तक केला 50 से 60 रुपये दर्जन, संतरा 70 से 80, सेब 150 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा था, लेकिन शनिवार से फलों के दाम बढ़े मिले। फल व्यापारी राजू गुप्ता बताते हैं कि नवरात्र के चलते फलों की डिमांड अधिक होती है, जिससे फलों के दाम बढ़े हैं।
पूजा सामग्री की कीमतें भी बढ़ीं: नवरात्र में उपयोग होने वाली पूजन सामग्री के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। बाजार में नारियल 55 रुपये, धूपबत्ती 10-150 रुपये तक, मिट्टी का दीया 5-50 रुपये तक, फूल माला 20-500 रुपये, चुनरी 15-500 तक, कलश 30- 200 रुपये तक, रोली 15 रुपये पैकेट, कुट्टु का आटा 200 रुपये किलो बिक रहा है।
नवरात्र की तिथि: 30 मार्च से शुरू होने वाले नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा होगी। 31 मार्च को मां ब्रह्मचारिणी, एक अप्रैल को मां चंद्रघंटा, दो अप्रैल को मां कूष्मांडा, पांचवें दिन यानी तीन अप्रैल को मां स्कंदमाता, चार अप्रैल को मां कात्यायनी, पांच अप्रैल मां कालरात्रि की पूजा, छह अप्रैल को मां गौरी और मां सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना होगी।

Recent Comments