शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 92 लाख की साइबर ठगी, STF हरियाणा जेल से आरोपी को रुद्रपुर लाकर कोर्ट में पेश

WhatsApp के जरिए झांसा देकर की गई थी ठगी, आरोपी पर हरियाणा-उत्तराखंड में दर्ज हैं कई मामले

रुद्रपुर। एसटीएफ की साइबर टीम ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करीब 92 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में वांछित अभियुक्त को हरियाणा की भोंडसी जेल से वारंट-बी पर लाकर माननीय न्यायालय, रुद्रपुर में प्रस्तुत किया। एसएसपी एसटीएफ उत्तराखंड के निर्देशन तथा एएसपी साइबर क्राइम के पर्यवेक्षण में कुमाऊं परिक्षेत्र साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार पंत द्वारा एफआईआर संख्या 11/2025 की विवेचना की जा रही थी।

मामले के अनुसार, वादी पंकज कुमार सती की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग दर्ज किया गया था। अभियुक्तों ने वादी को WhatsApp के माध्यम से संपर्क कर शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया और खुद को एक प्रतिष्ठित ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए 18 मार्च से 30 अप्रैल 2025 के बीच कुल 92 लाख 4 हजार 775 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली।

विवेचना के दौरान तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जांच एवं लाभार्थी खाताधारकों के बयानों के आधार पर राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के अकोला गांव निवासी रवि पाटवा पुत्र संपत लाल पाटवा, उम्र 26 वर्ष, की इस घटना में संलिप्तता सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी पहले से ही एक अन्य साइबर धोखाधड़ी मामले में गुरुग्राम, हरियाणा की भोंडसी जेल में बंद है। इसके बाद न्यायालय से वारंट-बी प्राप्त कर एसटीएफ टीम आरोपी को भोंडसी जेल से लेकर रुद्रपुर पहुंची, जहां न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पंचकूला और गुरुग्राम थानों में भी साइबर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। एसटीएफ अभियुक्त से पूछताछ कर उसके डिजिटल व वित्तीय नेटवर्क की जांच कर रही है, साथ ही मामले में अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी पड़ताल जारी है।

एसएसपी एसटीएफ उत्तराखंड ने आमजन से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग, निवेश या अत्यधिक मुनाफे का लालच देने वाले किसी अनजान व्यक्ति, WhatsApp/Telegram ग्रुप या सोशल मीडिया विज्ञापन पर भरोसा न करें और निवेश से पहले संबंधित कंपनी व प्लेटफॉर्म का सत्यापन जरूर करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है।एसटीएफ उत्तराखंड, साइबर धोखाधड़ी रुद्रपुर, शेयर ट्रेडिंग ठगी, रवि पाटवा गिरफ्तार, भोंडसी जेल हरियाणा, साइबर क्राइम कुमाऊं, चित्तौड़गढ़ राजस्थान, 1930 साइबर हेल्पलाइन, वारंट बी कोर्ट

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments