देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज सर्वे चौक स्थित डे-केयर सेंटर का निरीक्षण किया और इसे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नौनिहाल समाज का भविष्य हैं और उन्हें सुरक्षित, शिक्षाप्रद माहौल देना प्रशासन की प्राथमिकता है।
डीएम ने केंद्र में स्मार्ट टीवी, वाइटबोर्ड, डिजिटल बोर्ड, ज्ञानवर्धक कॉमिक्स, लाइब्रेरी कॉर्नर और बाल-अनुकूल फर्नीचर उपलब्ध कराने का आदेश दिया, ताकि बच्चे खेल-खेल में शिक्षा ग्रहण कर सकें। उन्होंने कहा कि इससे कामकाजी माताओं को भी सहूलियत होगी। मौके पर ही जिला योजना से आवश्यक बजट स्वीकृत किया गया।
जिलाधिकारी ने बाल विकास विभाग के अधिकारियों को तुरंत आवश्यकताओं की सूची तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 58 आंगनबाड़ी केंद्रों को अपग्रेड किया गया था और इस वर्ष 150 केंद्रों को आधुनिक बनाया जा रहा है।
उन्होंने केंद्र में सफाई, सुरक्षा और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती पर विशेष जोर दिया। साथ ही, स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए निदेशालय स्तर पर पत्राचार की बात कही। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सीडीपीओ डॉ. शिखा कंडवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments