अफगानिस्तान में भूकंप की चपेट में आकर मृतकों की संख्या 1,400 के पार पहुंची, हजारों घायल

काबुल,02 सितंबर। अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में सोमवार तड़के आए 6.0 तीव्रता के भूकंप ने तबाही मचा दी है। यहां मृतकों का आंकड़ा बढ़ रहा है। तालिबान सरकार ने मंगलवार को बताया कि भूकंप से अब तक 1,411 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 3,500 से अधिक लोग घायल हैं। भूकंप से 5,500 से अधिक घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। कुनार प्रांत के 3 गांव जमींदोज हो गए हैं। जीवित बचे लोगों की तलाश जारी है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि भूकंप जलालाबाद से 27 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व में 8 किलोमीटर की गहराई पर था। यूएसजीएस के अनुसार, बड़े भूकंप के बाद उसी क्षेत्र में 5.2 तीव्रता वाले 2 अन्य भूकंप भी आए थे, जिसने ज्यादा नुकसान पहुंचाया। भूकंप से कुनार प्रांत के नुर्गल, सावकी, वाटपुर, मनोगी, चौके और चापा दारा में सबसे अधिक हताहत नागरिक हैं। बचाव कर्मी सड़क और मोबाइल नेटवर्क से कटे पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
अफगानिस्तान धरती पर सबसे अधिक सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों में है, जहां हिंदू कुश पर्वत श्रृंखला उथले और गहरे दोनों प्रकार के भूकंपों के लिए केंद्र है। यह क्षेत्र भारतीय प्लेट और यूरेशियन प्लेट के बीच टेक्टोनिक टकराव के कारण अत्यधिक सक्रिय है। वर्ष 2021 में तालिबान के कब्जे के बाद अफगानिस्तान में तीसरा बड़ा भूकंप आया है। इससे पहले 2024 में 1,000 से अधिक लोग मारे गए थे। वर्ष 2023 में 6.3 तीव्रता के भूकंप में 1,500 जान गई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भूकंप पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा था, ‘अफगानिस्तान में आए भूकंप में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दु:खी हूं। इस कठिन घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं, और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। भारत प्रभावित लोगों को हर संभव मानवीय सहायता और राहत प्रदान करने के लिए तत्पर है।’ विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी सहायता की बात कही थी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments