देहरादून। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 07 मार्च को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे से एक दिन पूर्व जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर हरिद्वार जनपद की सीमा तक सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूर्ण करने और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने रायवाला स्थित होटल गॉडविन का भी दौरा किया, जहां केंद्रीय गृहमंत्री के अल्प विश्राम करने के साथ पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने एसएसपी के साथ होटल तक जाने वाले संपर्क मार्ग और होटल परिसर की आंतरिक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा कार्यक्रम स्थल पर किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
होटल में विद्युत व्यवस्था, एयर कंडीशनिंग, फायर सेफ्टी, लिफ्ट, ग्रीन रूम, रेस्ट रूम, मीटिंग हॉल और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने होटल प्रबंधन को तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट कराने को कहा। साथ ही विद्युत विभाग को जेनसेट सहित वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्थिति में कार्यक्रम प्रभावित न हो। डीएम ने स्पष्ट किया कि लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए।


जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आज शाम तक सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी करने के निर्देश देते हुए लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से सेफ्टी सर्टीफिकेट प्रस्तुत करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
इसके अलावा होटल गॉडविन के संपर्क मार्ग का निरीक्षण करते हुए डीएम ने मार्ग पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को संपर्क मार्ग पर विशेष सफाई व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंध सुदृढ़ रखने को कहा गया, ताकि आवागमन सुचारु रहे और कार्यक्रम व्यवस्था व्यवस्थित बनी रहे।
उधर, प्रशासन ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री शनिवार को हरिद्वार पहुंचकर उत्तराखंड में पिछले चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों, संचालित तथा प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी भी लगाए जाने की तैयारी है।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगश मेहरा सहित सड़क, विद्युत, पेयजल और फायर सेफ्टी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments