देहरादून : रायपुर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई चेन स्नैचिंग की घटना का देहरादून पुलिस ने मात्र 24 घंटों के अंदर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। घटना को अंजाम देने वाले ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय सचिन को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। अभियुक्त के कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र (अनुमानित मूल्य 1.50 लाख रुपये) बरामद हो गया।
घटना 25 जनवरी 2026 की सुबह नाथुवावाला ढांग, रायपुर में घटी। वादी गणेश दत्त बहुगुणा ने थाना रायपुर में तहरीर दी कि उनकी मां कुन्ती देवी (पत्नी लक्ष्मी प्रसाद बहुगुणा) खैरी खादर की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्ति ने शिव मंदिर ढांग के पास झपट्टा मारा और उनके गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर ने तत्काल टीमें गठित कीं। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया और मैनुअली पुलिसिंग की। त्वरित कार्रवाई से 26 जनवरी को बद्रीश कॉलोनी के पास जंगल में अभियुक्त सचिन को धर दबोचा गया।
पूछताछ में सचिन (30 वर्ष, पुत्र सर्वेश कुमार, ग्राम रसूलपुरकला, थाना फतेहपुर, सहारनपुर, यूपी; हाल पता : जोगीवाला, रिंग रोड, देहरादून) ने कबूल किया कि महंगे शौक पूरे करने के लिए कई लोगों से उधार लिया था। कर्ज चुकाने के लालच में उसने ब्लिंकिट डिलीवरी के दौरान अकेली महिलाओं की रेकी शुरू कर दी। 25 जनवरी को नाथुवावाला ढांग में कुन्ती देवी को अकेला देखा और मौका पाकर वार कर भागा। वह मंगलसूत्र बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में उ0नि0 सुनील नेगी, चौकी प्रभारी बालावाला,हे0कां0 दीप प्रकाश,कां0 प्रेम पंवार,का0 मुकेश कनाडाई और कां0 किशन पाल थे।
पुलिस ने इस सफलता से क्षेत्रवासियों में भरोसा जगाया है। अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।

Recent Comments