देहरादून ।देहरादून शहर में अनियंत्रित रोड कटिंग और जनसुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी श्रीमती कुमकुम जोशी के नेतृत्व में त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे रोड कटिंग कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण में पाया गया कि उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा सहारनपुर रोड और जीएमएस रोड पर चल रही Uttarakhand Climate Resilient Power System Development Project (UCRPSDP) योजना के तहत भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने के काम में अनुमति शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा था। परियोजना के जिम्मेदार अधीक्षण अभियंता (एडीबी), यूपीसीएल द्वारा कार्य रात्रि की बजाय दिन में कराया जा रहा था, जिससे यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो गया।
क्यूआरटी ने निरीक्षण के दौरान कई स्थलों पर बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टिव टेप और साइन बोर्ड नदारद पाए। खुदाई से निकला मलबा सड़कों पर फैला हुआ था, जिससे मार्ग संकीर्ण हो गए और आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई। यह सभी स्थितियाँ सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक निर्देशों के गंभीर उल्लंघन को दर्शाती हैं।
इन अनियमितताओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने पूर्व में जारी रोड कटिंग अनुमति संख्या 6691/643 को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। साथ ही, यूपीसीएल को आगामी दो माह तक किसी भी नई रोड कटिंग अनुमति से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट कहा कि प्रदत्त अनुमति की शर्तों का उल्लंघन दंडनीय है, और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग कार्य प्रारंभ करने से पूर्व अनुमति शर्तों, सुरक्षा उपायों और यातायात व्यवस्था का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को असुविधा या दुर्घटना की स्थिति का सामना न करना पड़े।

Recent Comments