देहरादून। राष्ट्रीय महिला आयोग की NARI-2025 रिपोर्ट ने राजधानी देहरादून को देश के दस सबसे असुरक्षित शहरों में गिनाया है। इस पर कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट भाजपा के महिला सुरक्षा संबंधी वादों की पोल खोल रही है।
दसौनी ने बयान जारी करते हुए कहा कि “बार-बार बड़े वादे करने के बावजूद महिलाएं आज भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। पुलिसिंग, ढाँचा और जनविश्वास—तीनों में गहरी खाई साफ दिख रही है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यह कागज़ी चिंता नहीं बल्कि जमीनी हकीकत है, जो महिलाओं की जिंदगी को हर दिन खतरे में डाल रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नारा अब पूरी तरह खोखला साबित हो रहा है। उन्होंने सरकार से तुरंत ठोस कदम उठाने की मांग की।
दसौनी ने रखे ये सुझाव
संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए
-अंधेरे स्थानों पर पर्याप्त रोशनी व सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएँ
-आपातकालीन पैनिक बटन जैसी व्यवस्था हो
-निर्भया फंड का पारदर्शी ऑडिट किया जाए
-विशेष महिला सुरक्षा टास्क फोर्स व त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र स्थापित हो
प्रगति की सार्वजनिक रिपोर्टिंग अनिवार्य हो
गरिमा ने कहा कि सरकार अब और बहानेबाज़ी छोड़कर काम पर उतरे। “देहरादून की महिलाएं डर में नहीं, बल्कि स्वतंत्र होकर जीने और चलने का अधिकार रखती हैं।”

Recent Comments