देहरादून: अपहरण कर फिरौती माँगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

धार्मिक संगठन होने का दिखावा कर ब्लैकमेल करते थे गिरोह के 5 शातिर  बदमाश

देहरादून। विकासनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर रात में घर से अगवा युवक को सकुशल बरामद कर अपहरण व फिरौती के पाँच आरोपियों को दबोचा। पुलिस के अनुसार आरोपी धार्मिक संस्था से जुड़े होने का दिखावा कर लोगों को ब्लैकमेल करते थे।

पुलिस ने बताया कि 2 मार्च की सांयकाल वादिनी पुष्पा देवी ने कोतवाली विकासनगर में शिकायत दी कि कुछ अज्ञात व्यक्ति वाहन (यूके-07-एफएस-4482) व अन्य साधनों से उनके घर पहुँचे, पुत्र शक्ति पुंडिर के साथ धक्का-मुक्की कर उसे जबरन वाहन में बैठाकर ले गए। कुछ समय बाद अपहर्ताओं ने अज्ञात नंबर से परिजनों को फोन कर युवक को छोड़ने के एवज में 1 लाख रुपए की मांग की। शिकायत पर विकासनगर थाने में मु0अ0सं0-63/2026 के तहत धारा 140(2)/115(2)/333 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, प्रवर्तन व सुरागरसी के माध्यम से अभियुक्तों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया। मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार पतारसी के बाद रात में विकासनगर क्षेत्र से अपहर्ता शक्ति सिंह को सकुशल बरामद कर लिया गया और मामले में शामिल कुल पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त नशे के आदि व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें धार्मिक संगठन से जुड़े होने का दिखावा करते थे। वे झूठे आरोप लगाकर — जैसे मादक पदार्थों की तस्करी — पीड़ितों को डराते और ब्लैकमेल कर फिरौती वसूलते थे। 2 मार्च को भी आरोपियों ने इसी तरह युवक के घर में घुसकर उसे अगवा किया था और बाद में 1 लाख रुपए की मांग की थी।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम व विवरण इस प्रकार हैं: विकास वैरागी (35) पुत्र सतपाल वैरागी, निवासी पंजाबी बाग, हकीकत नगर पुलिस लाइन, सहारनपुर; नीरज (34) पुत्र मदन, निवासी माईकोटा, थाना नागर, सहारनपुर; प्रवीन (44) पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी वार्ड नं. 03 पहाड़ी गली, विकासनगर, देहरादून; सचिन (31) पुत्र शांति प्रसाद, निवासी लेन नं. 03 आदर्श कॉलोनी, जीवनगढ़, कोतवाली विकासनगर, देहरादून; नवीन (27) पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम डांडा, वार्ड नं. 15 डाकपत्थर, विकासनगर, देहरादून।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच में आरोपियों के और सहयोगियों व उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़ी और जानकारी सार्वजनिक की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments