देहरादून। नववर्ष के आगमन को देखते हुए देहरादून पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के सभी होटल संचालकों और कार्यक्रम आयोजकों के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें आगामी न्यू ईयर समारोहों के दौरान व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
एसएसपी ने सभी प्रतिष्ठान स्वामियों को आयोजन स्थल पर पूर्व से ही आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी करने और फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। सभी होटल संचालकों को लाउड म्यूजिक निर्धारित समय सीमा के बाद न बजाने, अग्नि सुरक्षा उपकरणों को पूर्ण रूप से कार्यशील रखने और सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त हिदायत दी गई।
उन्होंने कहा कि आयोजन स्थलों पर आने वाले वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाए। विदेशी पर्यटकों की जानकारी स्थानीय अभिसूचना इकाई को देने तथा रजिस्टर को अद्यतन रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।


एसएसपी ने सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय अवस्था में रखने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने और कर्मचारियों को पर्यटकों के प्रति शालीन व्यवहार रखने के लिए भी कहा।
दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नववर्ष का स्वागत उल्लास के साथ करें, लेकिन इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने या सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने जैसे कार्यों से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments