देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सहसपुर पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज सभावाला द्वारा प्राथमिक विद्यालय सभावाला में आयोजित एनएसएस शिविर में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम में दून पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के खतरों और अपराधों से जुड़े सामाजिक प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने से युवा अपनी पढ़ाई और जीवन की दिशा खो देते हैं। इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।
साइबर सुरक्षा के संबंध में बच्चों को फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी साझा करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक न करने जैसी सावधानियों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि छोटी सी लापरवाही भी गंभीर अपराध या वित्तीय नुकसान का कारण बन सकती है।

कार्यक्रम में एनएसएस गतिविधियों के महत्व पर भी विचार साझा किए गए। अधिकारियों ने कहा कि एनएसएस जैसे शिविर युवाओं में अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना जगाने का कार्य करते हैं।
शिविर के अंत में सभी छात्रों ने नशा-मुक्त और साइबर-सुरक्षित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Recent Comments