

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एटीएम तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले एक आरोपी, तीन वाहन चोरों तथा अवैध तमंचे के साथ वारदात की फिराक में घूम रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें, अवैध हथियार, चाकू और वारदात में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए हैं।
प्रेमनगर क्षेत्र में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम को तोड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास कर रहे 22 वर्षीय सुमित थापा को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से अवैध चाकू, एटीएम तोड़ने में इस्तेमाल किया जा रहा आला-नकब तथा रेनकोट बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए एटीएम से कैश चोरी करने की योजना बना रहा था। उसने इससे पहले आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को भी निशाना बनाने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो पाया।

उधर, कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए संदीप रावत और विशाल पाल को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों ने करीब दो सप्ताह पहले काले की ढाल क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार दोनों फिर से वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन चेकिंग के दौरान दबोच लिए गए।
वहीं थाना राजपुर पुलिस ने जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास चेकिंग के दौरान करण थापा उर्फ बाबा को एक देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक करण नशे का आदी है और दिन में बंद घरों व दुकानों की रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसके खिलाफ चोरी समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।


इसी क्रम में कोतवाली सहसपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक अन्य मामले का भी खुलासा करते हुए मुकेश नामक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर धर्मावाला क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने वाहन की नंबर प्लेट हटाकर उसे जंगल में छिपा दिया था और बाद में सहारनपुर में बेचने की योजना बनाई थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग, अपराधियों का सत्यापन और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


Recent Comments