देहरादून, 8 अप्रैल 2025: बीते 11 मार्च को रायपुर स्थित भगत सिंह कॉलोनी के एक जन सेवा केंद्र में हुई सनसनीखेज लूट की घटना, जो मीडिया में भी खूब सुर्खियों में रही और दून पुलिस के लिए सर दर्द बन गई थी, आखिरकार दून पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में फरार चल रहे पांचवें और अंतिम आरोपी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के कुशल निर्देशन में काम कर रही पुलिस टीम ने इस चुनौतीपूर्ण मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक देसी तमंचा (.315 बोर) और दो जिंदा कारतूस (.315 बोर) भी बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि घटना के अनावरण के लिए गठित पुलिस टीम ने पहले ही चार आरोपियों – मौ० दिलशाद, साहिल, कामिल और राहुल राजपूत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने लूट में मोहित कुमार उर्फ बबलू निवासी जहांगीरपुरी, दिल्ली की संलिप्तता बताई थी। इसके बाद से पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की भी मदद ली जा रही थी। पुलिस के अनुसार, मोहित कुमार शातिर किस्म का अपराधी है और अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
दून पुलिस, जो बड़े से बड़े अपराधियों को शिकंजे में लेने के लिए जानी जाती है, ने इस मामले में भी अपनी पेशेवर दक्षता का परिचय दिया। लगातार प्रयासों के बाद, पुलिस टीम ने 7 अप्रैल 2025 को मोहित कुमार को जहांगीरपुरी, दिल्ली से धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में मोहित ने बताया कि वह दिल्ली का रहने वाला है और वर्ष 2018 में दिल्ली के महेंद्र पार्क थाने में हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल जा चुका है। उसी मामले में कोर्ट में पेशी के दौरान उसकी मुलाकात साहिल उर्फ माया शूटर (निवासी चाँदपुर, बिजनौर) से हुई थी, जो हत्या के एक अन्य मामले में दिल्ली कोर्ट आता था। साहिल ने ही उसे और उसके साथी राहुल को देहरादून में लूट की घटना को अंजाम देने के लिए बिजनौर बुलाया था। योजना के अनुसार, इन सभी ने मिलकर रायपुर के जन सेवा केंद्र को लूटा था। घटना के बाद उसके चार साथी तो पुलिस द्वारा पकड़े जा चुके थे, जबकि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
- मोहित कुमार पुत्र विनोद कुमार उर्फ बबलू, निवासी आई० ब्लॉक, मकान नंबर 1435-36, जहांगीरपुरी, दिल्ली, उम्र 25 वर्ष।
बरामदगी का विवरण: - एक देशी तमंचा (.315 बोर)
- दो जिंदा कारतूस (.315 बोर)
पुलिस टीम: - उप निरीक्षक रविन्द्र सिंह नेगी
- अवर निरीक्षक सुनील रावत
- कांस्टेबल प्रेम पंवार
- कांस्टेबल मुकेश कण्डारी

Recent Comments