देहरादून। किसानों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (एकता शक्ति) उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त शर्मा ने प्रदेश के मंत्री भरत सिंह चौधरी से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान किसानों की समस्याओं, उनकी वर्तमान स्थिति तथा समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त शर्मा ने मंत्री के समक्ष किसानों की प्रमुख समस्याएं रखते हुए कहा कि आज किसान वर्ग अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने फसल के उचित मूल्य, समय पर भुगतान, सिंचाई व्यवस्था, बढ़ती लागत और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इन समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक प्रभावित हो सकती है।
मंत्री चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि किसानों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसान हितैषी नीतियों के लिए प्रतिबद्ध है और उठाए गए सभी मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक संवाद हुआ और भविष्य में भी किसानों के हित में निरंतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी। किसान यूनियन ने उम्मीद जताई कि सरकार उनके सुझावों और मांगों पर त्वरित कार्रवाई करेगी।

Recent Comments