देहरादून, 15 अप्रैल 2025 : जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून के निर्देश पर आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विभागीय संयुक्त टीम ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और दुरुपयोग के खिलाफ दो स्थानों पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल 16 गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला पूर्ति विभाग की इस संयुक्त टीम में विभूति जूयाल, करुणा पंत, मधु बर्तवाल (क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी), रजत नेगी (पूर्ति निरीक्षक) और सहायक होशियार सिंह शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले चंदर नगर रेसकोर्स स्थित प्रभु कृपा रिपेयरिंग की दुकान पर छापा मारा, जहाँ से 5 घरेलू गैस सिलेंडर और 6 छोटे सिलेंडर अवैध रूप से उपयोग में पाए गए।

इसके अतिरिक्त हरिद्वार बायपास रोड स्थित शक्ति सिंह गैस चूल्हा रिपेयरिंग की दुकान का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ 4 घरेलू गैस सिलेंडर और 1 छोटा सिलेंडर बरामद हुआ।
जब्त किए गए सभी सिलेंडरों को अग्रिम कार्रवाई तक के लिए पशुपति गैस एजेंसी, आराघर के सुपुर्द किया गया है।
जिला पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, व्यावसायिक उपयोग अथवा अनुचित भंडारण करने वालों पर सख्त कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Recent Comments