जिला चिकित्सालय में स्थापित हो रही सुगम सुविधाएं, ब्लड बैंक, हिलांस कैंटीन, ओटोमेटेड पार्किंग
जिला चिकित्सालय कोरोनेशन में ब्लड बैंक निर्माण कार्य युद्धस्तर पर
कोरोनेशन चिकित्सालय में भी आटोमेटेड पार्किंग निर्माण अंतिम चरण में
देहरादून, 14 अप्रैल 2025 – मुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प और मार्गदर्शन तथा जिलाधिकारी सविन बंसल के समर्पित प्रयासों से जनपद में विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय में ब्लड बैंक का निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है। इसके अतिरिक्त, चिकित्सालय परिसर में मरीजों और आगंतुकों की सुविधा के लिए ओटोमेटेड पार्किंग और कैंटीन का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है।
जिलाधिकारी सविन बंसल जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति अत्यंत गंभीर हैं। जिला चिकित्सालय में ब्लड बैंक की स्थापना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक रही है। इसके परिणामस्वरूप, जिला चिकित्सालय कोरोनेशन में ₹ 142.91 लाख की धनराशि से ब्लड बैंक का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिलाधिकारी स्वयं इस परियोजना की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं और शासन तथा उच्च स्तर पर समन्वय स्थापित कर रहे हैं। इन प्रयासों से इस वित्तीय वर्ष में जिला चिकित्सालय को अपना ब्लड बैंक मिलने की प्रबल संभावना है। ब्लड बैंक की स्थापना से मरीजों और उनके परिजनों को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर भटकना नहीं पड़ेगा।
इसके अतिरिक्त, चिकित्सालय में जल्द ही डेडिकेटेड “रक्त गरुड़” इलेक्ट्रिक वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे तीमारदारों को ब्लड लेने के लिए आने-जाने में सुविधा होगी। साथ ही, एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) की क्षमता को भी दोगुना किया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चिकित्सालय में आशाघर की सुविधा और दवाई के काउंटर पहले ही बढ़ा दिए गए हैं। देहरादून में राज्य का पहला वैक्सीनेशन सेंटर भी शुरू कर दिया गया है, जो पूरे सप्ताह टीकाकरण की सुविधा प्रदान करता है।

पदभार ग्रहण करने के बाद से ही जिलाधिकारी श्री बंसल जनमानस से जुड़े विषयों पर सक्रिय रहे हैं और एक लोक सेवक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सदैव तत्पर रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिनमें चिकित्सालय में ब्लड बैंक का निर्माण, एसएनसीयू का संचालन, चिकित्सालय में आशा घर की स्थापना, उप जिला चिकित्सालयों में आईसीयू का संचालन, दूरस्थ क्षेत्र त्यूनी के चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे मशीन सहित रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था, साहिया में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, विकासनगर चिकित्सालय में मरीजों के लिए निशुल्क भोजन की व्यवस्था, चिकित्सालयों में दवाई काउंटर बढ़ाना, प्रेमनगर में ओटी का संचालन, साहिया में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करना और रोस्टरवार रेडियोलॉजिस्ट की ड्यूटी लगाना, जिला चिकित्सालय के एसएनसीयू और नारी निकेतन के लिए डेडिकेटेड एम्बुलेंस की व्यवस्था आदि प्रमुख हैं। जिलाधिकारी के इन प्रयासों से जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।

Recent Comments