

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। चम्पावत के प्रसिद्ध देवीधुरा क्षेत्र में मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। विभागीय व्यय समिति ने ग्राम देचमार, तहसील पाटी में प्रस्तावित परियोजना को ₹980.23 लाख की औचित्यपूर्ण लागत पर सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है।
बैठक में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में परियोजना के तकनीकी व वित्तीय पहलुओं पर चर्चा हुई। प्रस्तावित संरचना में बदलाव करते हुए दोपहिया पार्किंग और दुकानों-कैफे का प्रावधान हटाकर मुख्य रूप से कार पार्किंग पर फोकस किया गया। संशोधित प्रस्ताव में 83 कारों की पार्किंग के साथ शौचालय और केयरटेकर रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
देवीधुरा धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से चम्पावत का प्रमुख केंद्र है। यहां आयोजित बग्वाल मेला के दौरान वाहनों का दबाव अचानक बढ़ जाता है, जिससे सीमित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनती है। प्रस्तावित मल्टी लेवल पार्किंग से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिलेगी और यातायात सुचारू रहेगा।
परियोजना का प्रारंभिक आगणन ₹994.80 लाख था। नियोजन विभाग के तकनीकी संप्रेक्षा प्रकोष्ठ (TAC) द्वारा परीक्षण के बाद ₹980.23 लाख की लागत औचित्यपूर्ण पाई गई। ग्राम देचमार पट्टी देवीधुरा में 0.88 हेक्टेयर पंचायत वन भूमि चिन्हित की गई है, जिस पर पार्किंग का निर्माण होगा। वन विभाग ने भी प्रकरण पर सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
परियोजना में एनपीवीओ, क्षतिपूरक वनीकरण, Soil and Moisture Conservation Plan (SMCP) और Wildlife Management Plan (WMP) के लिए ₹34.66 लाख की धनराशि कैंपा कोष में जमा की जाएगी। यह राशि मूल लागत में ही शामिल की गई है। निर्माण से पहले भूगर्भीय निरीक्षण आख्या को भी संज्ञान में लिया जाएगा।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। देवीधुरा में मल्टी लेवल पार्किंग से बग्वाल मेले सहित अन्य अवसरों पर यातायात दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

Recent Comments