

पत्रकार कल्याण कोष से 9 परिवारों को 45 लाख की मदद, 3 वरिष्ठ पत्रकारों को मिलेगी पेंशन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक हुई।
बैठक में समिति ने पत्रकार कल्याण कोष से 9 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की है। वहीं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत 3 वरिष्ठ पत्रकारों को 8 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की भी संस्तुति की गई है।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दृष्टि से सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों की मदद के लिए तत्परता से काम कर रहा है। इसके लिए नियमित रूप से समिति की बैठकें कर प्राप्त मामलों का संवेदनशीलता से निस्तारण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। सरकार का प्रयास है कि उन्हें आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिले।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह और समिति सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा व शशि शर्मा उपस्थित थे।

Recent Comments