उत्तरकाशी। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने 8 अगस्त, 2025 को उत्तरकाशी के हर्षिल और धराली में आई आपदाग्रस्त क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और रेस्क्यू टीमों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।
डीजीपी ने प्रभावित लोगों से मिलकर उनका हालचाल जाना और कहा कि हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता लापता लोगों को जल्द से जल्द ढूंढना है। उन्होंने पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि खराब मौसम के बावजूद सभी अच्छा काम कर रहे हैं।

निरीक्षण के बाद, डीजीपी ने उत्तरकाशी पुलिस लाइन में रेस्क्यू में जुटे अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने आपदा प्रबंधन की समीक्षा की और प्रभावी कार्य योजना बनाने पर जोर दिया। डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समन्वय बनाकर काम करें ताकि घायलों को सुरक्षित निकाला जा सके और लापता लोगों को ढूंढने में कोई देरी न हो।
डीजीपी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखेगी जो झूठी जानकारी फैलाकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।

सूत्रों ने यह भी बताया है कि डीजीपी दीपम सेठ अभी उत्तरकाशी में ही हैं और आज वहीं रुक सकते हैं ताकि वहीं से आपदा राहत कार्यों की बेहतर निगरानी कर सकें।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना/प्रशासन ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ अरुण मोहन जोशी, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी सरिता डोबाल सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।


Recent Comments