धामी ने दिखाई हरी झंडी! हरिद्वार से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर रवाना हुई 700 श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छह दिवसीय इस विशेष तीर्थ यात्रा में प्रदेशभर से लगभग 700 श्रद्धालु शामिल हुए हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख सोमनाथ मंदिर भारत की अटूट आस्था, अदम्य विश्वास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए दौर से गुजर रहा है। अयोध्या, काशी विश्वनाथ, केदारनाथ, महाकाल और बद्रीनाथ सहित अनेक धार्मिक स्थलों का पुनरुद्धार भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊर्जा दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा यमुनातीर्थ के विकास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है। भारतीय संस्कृति एवं दर्शन के अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज’ की स्थापना भी की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और अवैध अतिक्रमण हटाने जैसे कदम इसी दिशा में उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे जहां भी जाएं, वहां उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के प्रतिनिधि बनें तथा अपने आचरण से देवभूमि की सकारात्मक पहचान को और मजबूत करें।

इस अवसर पर विधायक बृज भूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments