हरिद्वार/रुड़की, 19 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में झबरेड़ा विधानसभा में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल के प्रस्ताव पर झबरेड़ा क्षेत्र में पांच अंबेडकर पार्कों के सौंदर्यकरण का बड़ा निर्णय लिया गया है।
पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने बताया कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी जी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि स्वरूप पंच तीर्थ का निर्माण कराया, उसी मार्ग पर चलते हुए मुख्यमंत्री धामी जी ने झबरेड़ा में नन्हेड़ा अनन्तपुर, तांसीपुर, ढस्का, सलियर और शेरपुर खेलमऊ गांव में अंबेडकर पार्कों का कायाकल्प करने का निर्णय लिया है।
गांव ढस्का में पार्क का सौंदर्यकरण और प्रतिमा अनावरण पहले ही हो चुका है। अब नन्हेड़ा अनन्तपुर में ₹24,76,000, तांसीपुर में ₹11,86,000 और शेरपुर खेलमऊ (वर्तमान विधायक वीरेंद्र जाती का गांव) में ₹24,97,500, कुल मिलाकर ₹61,59,500 की लागत से तीन पार्कों के लिए निविदाएं जिला पंचायत कार्यालय द्वारा शीघ्र जारी होंगी। वहीं सलियर बारातघर परिसर में अंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने का शासनादेश भी जल्द जारी होगा।
इस निर्णय पर कर्णवाल ने मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का आभार जताया। साथ ही उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद का भी सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
कर्णवाल ने कहा कि, “भले ही झबरेड़ा से मौजूदा विधायक कांग्रेस के हैं, लेकिन क्षेत्र के विकास कार्य आज भी मेरे प्रस्तावों पर ही हो रहे हैं। विधायक जी को बेगानी शादी में अब्दुला दीवाना बनने की बजाय मुझे धन्यवाद देना चाहिए कि उनके कार्यकाल में भी विकास कार्यों का श्रेय हमारे प्रस्तावों से झबरेड़ा को मिल रहा है।”
उन्होंने विश्वास जताया कि झबरेड़ा की जनता आगामी चुनाव में विकास की इस धारा को देखते हुए हरिद्वार जनपद के सभी क्षेत्रों में भाजपा को आशीर्वाद देगी।

Recent Comments