धामी ने की उत्तराखंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की समीक्षा,गौलापार में बन रहा खेल उत्कृष्टता का केंद्र, समय पर काम पूरा करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे करने के कड़े निर्देश दिए।

बैठक में खेल विभाग ने विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण की प्रगति प्रस्तुत की। इसमें शैक्षणिक भवन, छात्रावास, प्रशिक्षण सुविधाएं, खेल विज्ञान केंद्र, अनुसंधान इकाइयां और अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल मैदान शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के खेल भविष्य को नई दिशा देने वाला संस्थान है। इसलिए हर निर्माण कार्य दीर्घकालिक उपयोगिता और उच्च मानकों को ध्यान में रखकर किया जाए।

धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय का विकास राज्य की नई खेल नीति, खेल विजन और लिगेसी प्लान के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि परिसर में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, इनडोर-आउटडोर खेल परिसर, स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मेडिसिन सेंटर, उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण केंद्र के साथ खेल प्रबंधन और शोध की उन्नत व्यवस्थाएं प्राथमिकता पर हों।

मुख्यमंत्री के अनुसार उत्तराखंड सरकार राज्य को खेल उत्कृष्टता के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसका उद्देश्य सिर्फ पदक जीतना नहीं, बल्कि खेल संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना और खेल को शिक्षा, कौशल व रोजगार से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि सरकार जिला और ब्लॉक स्तर तक खेल सुविधाएं बढ़ाने, प्रतिभाओं की पहचान कर प्रशिक्षण, उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए सहयोग देने पर लगातार काम कर रही है। बैठक में पारदर्शिता, तकनीकी मानकों के कठोर अनुपालन और नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments