देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी देते हुए नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री को पूरी तरह समाप्त करने के लिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को नकली दवा कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने को कहा।
धामी ने धराली आपदा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को प्राथमिकता बताया और सचिव राजस्व की अध्यक्षता वाली समिति से शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। समिति की रिपोर्ट के आधार पर अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी राहत कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में व्यापक स्वदेशी अभियान चलाने के निर्देश दिए और सरकारी खरीद में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में स्थानीय उत्पादों के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित किया जाए।
अग्निवीरों के लिए समुचित प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए धामी ने पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के संकल्पों को पूरा करने के लिए दृढ़ता से कार्य कर रही है।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, सचिव एवं गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, विशेष सचिव पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी मौजूद थे।

Recent Comments