

देहरादून, सहसपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली में जनता की समस्याओं को सुनने के साथ ही उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना प्राथमिकता में शामिल है। सेवा, सुशासन एवं समर्पण के अंतर्गत सहसपुर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री के ‘त्वरित एक्शन’ मॉडल की तस्वीर साफ दिखाई दी, जहां सुबह रखी गई एक महिला की फरियाद का शाम तक समाधान हो गया।
शिविर में स्थानीय निवासी श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि वह जूट बैग बनाकर स्वरोजगार से अपने परिवार की आजीविका मजबूत करना चाहती हैं, लेकिन सिलाई मशीन नहीं होने के कारण उनका प्रयास आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
मुख्यमंत्री ने महिला की बात को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही सरकारी तंत्र सक्रिय हो गया। अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया और सुनिश्चित किया कि निर्देश केवल फाइलों तक सीमित न रहें। उनके प्रभावी समन्वय और निरंतर मॉनिटरिंग के चलते शाम तक श्रीमती बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।

मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे बंशीधर तिवारी की कार्यशैली त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय और जनहित के मामलों को प्राथमिकता से पूरा करने की रही है। इस मामले में भी उन्होंने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर जरूरतमंद महिला तक सहायता पहुंचाई।
सुबह फरियाद और शाम तक समाधान की यह तस्वीर मुख्यमंत्री धामी की संवेदनशीलता और परिणामपरक कार्यशैली को दर्शाती है। साथ ही यह भी बताती है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों को धरातल पर उतारने के लिए उनकी टीम भी उसी तत्परता के साथ काम कर रही है।
सिलाई मशीन मिलने के बाद श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की त्वरित कार्रवाई से उनके स्वरोजगार के सपने को नई उड़ान मिली है।

Recent Comments