प्रेमनगर में महिला कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आज प्रेमनगर में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के कार्यक्रम में प्रदेश के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड पर भाजपा की महिला विधायकों की ‘शर्मनाक’ चुप्पी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मामले में वीवीआईपी संलिप्तता के खुलासे के बाद सीबीआई जांच की मांग पर पूरा उत्तराखंड सड़कों पर उतर आया है, लेकिन भाजपा की महिला विधायकों ने ‘मुंह पर टेप चिपका कर’ चुप्पी साध ली है।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में बोलते हुए धस्माना ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में संलिप्त वीवीआईपी के नाम की पुष्टि करने के लिए सीबीआई से जांच करवाने की मांग को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की दूसरी पत्नी उर्मिला सनोहर राठौर द्वारा किए गए खुलासे के बाद प्रदेश भर में आंदोलन तेज हो गया है। कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और यहां तक कि भाजपा के हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा पूर्व भाजपा विधायक जो पूर्व मंत्री और विधानसभा उपाध्यक्ष भी रही हैं, ने एक स्वर में सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस मांग को नजरअंदाज कर दिया है।

धस्माना ने भाजपा सरकार के ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ नारे को खोखला बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की एकमात्र महिला सांसद शाह, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, मंत्री रेखा आर्य, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा नौटियाल और अन्य महिला विधायकों तथा महिला आयोग की दायित्वधारी नेताओं की चुप्पी से यह साफ है कि भाजपा की महिलाओं के प्रति प्रतिबद्धता कितनी हवा-हवाई है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के महिला विभाग को श्रेय देते हुए कहा कि यह विभाग पहले दिन से अंकिता भंडारी प्रकरण पर संघर्ष कर रहा है और अब पूरी पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलित है। कांग्रेस कार्यकर्ता तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिल जाता।
कार्यक्रम में धस्माना ने पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आने वाले दिनों में राज्य चुनाव आयोग द्वारा वोटर लिस्ट के लिए किए जाने वाले एसआईआर में अपनी पार्टी के बूथ लेवल एजेंट और सरकारी बीएलओ के साथ घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी महिला का नाम वोटर लिस्ट से गलत तरीके से न काटा जाए।

इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस की महामंत्री सुशीला शर्मा ने धस्माना का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे हमेशा पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को परिवार की सदस्य मानते हैं और उनके सुख-दुख में साथ देते हैं। पार्टी की चारों वार्डों की अध्यक्ष संगीता शासन, ज्योति चौधरी, सायरा बानो और सरोज भाटिया ने धस्माना को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। श्री धस्माना, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस सुमित खन्ना और प्रेमनगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को शाल पहनाकर सम्मानित किया।
बैठक में चमेली यादव, प्रिया दूबे, रंजना यादव, मुन्नी देवी, अधिवक्ता आभा क्षेत्री, गुलशन जहां, भोपाली चौहान, नीलम थापा, बिना थापा, रंजना, वैशाली चड्ढा, वीरेश शर्मा और अमीचंद सोनकर आदि उपस्थित थे।

Recent Comments