

बोले – रुद्रपुर की बैठक ने भाजपा के होश उड़ाए, अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार तय
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे की सफलता से भारतीय जनता पार्टी बौखला गई है और उसके नेता अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। यह बयान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने रुद्रपुर से लौटने के बाद अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में दिया।
धस्माना ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में खड़गे की रैली को असफल करने के लिए भाजपा ने पुलिस का सहारा लिया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दबाव के आगे यह प्रयास नाकाम रहा। उन्होंने कहा कि रैली में भाजपा की उम्मीद से कई गुना अधिक भीड़ उमड़ी, जिससे पार्टी बेचैन हो गई। वहीं, रुद्रपुर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की विस्तारित बैठक की शानदार सफलता ने भाजपा के होश फाख्ता कर दिए हैं, जिसके चलते उसके नेता अनर्गल बयानबाजी पर उतर आए हैं।
धस्माना ने कहा कि 17 जुलाई को देहरादून में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की बम्पर सफलता और हल्द्वानी की ऐतिहासिक रैली के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि गढ़वाल, कुमाऊँ और तराई – तीनों संभागों में कांग्रेस की जबरदस्त वापसी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनना अब तय है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में कांग्रेस ने प्रदेश में लगातार जनसभाओं और संगठनात्मक बैठकों के जरिए सियासी मोर्चा संभाला है, जबकि भाजपा ने अब तक इन आरोपों पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Recent Comments