छात्रों को साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश
धुमाकोट (पौड़ी) राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज पटोटिया, नैनीडांडा में सोमवार को थाना धुमाकोट पुलिस द्वारा एक विशेष जागरूकता पाठशाला आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि आज के डिजिटल युग में अज्ञात लिंक, फेक कॉल, ईमेल और संदिग्ध वेबसाइट से सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्हें समझाया गया कि किसी भी स्थिति में ओटीपी, बैंक डिटेल्स या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें और साइबर अपराध होने की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल संपर्क करें।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया और उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाने, अफवाह फैलाने और निजी जानकारी साझा करने के खतरों पर भी चेताया गया। छात्रों से सोशल मीडिया का प्रयोग सकारात्मक और रचनात्मक दिशा में करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी —
महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस सहायता 112, और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 — ताकि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत मदद ले सकें।
विद्यालय प्रशासन और छात्रों ने इस पहल के लिए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

Recent Comments