पौड़ी। विगत तीन दिनों की भारी वर्षा से उत्पन्न आपदा के मद्देनज़र जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने शुक्रवार को जिला कार्यालय में संबंधित विभागों की आपात बैठक ली। उन्होंने सड़क, पेयजल और विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश मिशन मोड में दिए, साथ ही जनहानि और परिसंपत्तियों की क्षति का त्वरित आकलन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में लोनिवि और पीएमजीएसवाई को बंद मोटर मार्गों को खोलने हेतु हर दो घंटे में प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। लोनिवि ने बताया कि 60 जेसीबी मशीनों से कार्य जारी है और अधिकांश मार्ग आज शाम तक अस्थायी रूप से यातायात के लिए खोल दिए जाएंगे। पीएमजीएसवाई ने 21 जेसीबी मशीनों से 25 मार्गों को सुचारु कर दिया है।

जल संस्थान और जल निगम को प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए। जल निगम ने बताया कि क्षतिग्रस्त 29 पंपिंग योजनाओं में से 22 को अस्थायी रूप से सुचारु कर दिया गया है। विद्युत विभाग को भी आपूर्ति बहाली को प्राथमिकता देने के निर्देश मिले।
व्यक्तिगत हानि जैसे पशु, मकान व गौशाला क्षति के आकलन हेतु राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी ने पटवारियों को प्रतिदिन क्षेत्र भ्रमण कर राहत राशि वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments