देहरादून, 26 मार्च 2025 (आरएनएस )देहरादून नगर निगम सभागार में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर एक परिचर्चा संवाद आयोजित किया गया, जिसमें सामाजिक संगठनों और एनजीओ ने इस विचार के समर्थन में अपनी राय व्यक्त की। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री अजेय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, देश के चहुमुखी विकास और “विकसित भारत” की परिकल्पना को साकार करने के लिए हमें “एक राष्ट्र, एक चुनाव” के पक्ष में एकमत होना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम महापौर सौरभ थपलियाल ने की, जबकि कार्यक्रम में श्यामसुंदर गोयल, जोगेंद्र पुंडीर, एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विजय भट्ट तथा कार्यक्रम संयोजक श्रीमती रमा गोयल और सुशील बहुगुणा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर आदित्य चौहान, कुलदीप कुमार, डॉ. भान सिंह नेगी, संकेत नौटियाल, पृथ्वी राणा, कुलदीप पंत, मनवीर नेगी, कुमारी काजल और साक्षी शंकर समेत कई गणमान्य व्यक्तियों और युवाओं ने अपने विचार रखे। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भी इसमें भाग लिया।
वक्ताओं ने इस विचार को संविधान सम्मत बताते हुए कहा कि अलग-अलग समय पर चुनाव कराने से देश पर आर्थिक बोझ बढ़ता है और सरकार के कामकाज में बाधा आती है। यदि पूरे देश में एक साथ चुनाव कराए जाएं, तो सरकारों को विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने का अधिक समय मिलेगा, राजनीतिक अस्थिरता कम होगी और देश की प्रगति को गति मिलेगी।

इस परिचर्चा के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों और संगठनों ने एकमत होकर “एक राष्ट्र, एक चुनाव” के विचार का समर्थन किया और सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की।

Recent Comments