देहरादून(आरएनएस)। श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज नेहरूग्राम में सोमवार को ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के मेयर और स्कूल के पूर्व छात्र सौरभ थपलियाल भी शामिल हुए। उन्होंने अपने स्कूल में बच्चों के साथ पीएम नरेंद्र मोदी से परीक्षा के टिप्स लिए। इस दौरान मेयर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दी गई सीखों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा को तनाव नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और परिश्रम से सफलता की ओर बढ़ने का अवसर समझना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में मेयर ने स्कूल की प्रिंसिपल प्रतिभा पाठक के साथ कैंपस में एक पौधा रोपकर ‘स्वच्छ और हरित देहरादून’ का संदेश दिया। उन्होंने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी लेने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

Recent Comments